खेतासराय (जौनपुर): वर्षा की कमी और सूखे जैसी परिस्थितियों के मद्देनजर गुरुवार को मस्जिद कुवतुल इस्लाम के परिसर में खुले आसमान के नीचे नमाज़-ए-इस्तिस्का अदा की गई। नमाज़ में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर अच्छी बारिश और क्षेत्र की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
नमाज़ की इमामत इदारा उलूम-ए-इस्लामिया के शिक्षक मौलाना मुहम्मद तैय्यब क़ासमी ने कराई। नमाज़ के बाद उन्होंने विशेष दुआ कराते हुए समय पर और पर्याप्त वर्षा की प्रार्थना की।
मौलाना तैय्यब क़ासमी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्षा ईश्वर की महान नेमत है और इंसान को हर परिस्थिति में अपने पालनहार की ओर रुजू करते हुए तौबा, इस्तिगफार और नेक कार्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संतुलन और समाज की भलाई के लिए दुआ के साथ-साथ अच्छे आचरण की भी आवश्यकता है।
इस अवसर पर मिर्ज़ा अज़फर बेग प्रधानाचार्य नौशाद अहमद, अतहर खान, मौलाना अबू सहमा, अब्दुर्रहमसन सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि, देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ की।



