Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरघर में पंखे के सहारे लटकता मिला युवक का शव

घर में पंखे के सहारे लटकता मिला युवक का शव

फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँचकर की जाँच-पड़ताल

खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के एक गाँव में गुरुवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गाँव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना के पीछे पारिवारिक कलह को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरारी खलीलपुर निवासी मोहनलाल राजभर (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नंदलाल राजभर बुधवार रात अपने घर में सोने के लिए गए थे। बताया जाता है कि उन्होंने घर का दरवाजा अन्दर से बन्द कर लिया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और न ही अन्दर से कोई प्रतिक्रिया मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

अनहोनी की आशंका होने पर ग्रामीण छत के रास्ते घर के ऊपर पहुँचे और रोशनदान से अन्दर झांककर देखा। वहाँ का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मोहनलाल राजभर कमरे के अन्दर फांसी के फंदे से लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही गाँव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर थाना खेतासराय पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जाँच शुरू की। पुलिस ने घटना की जानकारी फोरेंसिक टीम को भी दी, जिसके बाद साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की गई।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक का अपनी पत्नी किरन से कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पत्नी अपने मायके में रह रही थी और काफी दिनों से ससुराल वापस नहीं आ रही थी। इसी बात को लेकर मोहनलाल मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जाँच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments