Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरत्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

त्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

खेतासराय(जौनपुर): ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनज़र थाना परिसर में शनिवार को पीस कमेटी मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की उपजिलाधिकारी शाहगंज तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज द्वारा की गई। इस अवसर पर थाने के समस्त उपनिरीक्षकगण, क्षेत्र के सम्भ्रान्त नागरिक, धर्मगुरु, मौलाना, उलेमा-ए-किराम तथा गणमान्य व्यक्ति बड़ी तादाद में मौजूद रहे।

बैठक का आग़ाज़ आपसी भाईचारे, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब को बरकरार रखने की अपील के साथ किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार को पूरी शांति, मुहब्बत और आपसी तालमेल के साथ मनाने की गुज़ारिश की।

उपजिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव ने कहा कि त्योहारों का असली मक़सद मोहब्बत, इंसानियत और एकता का पैग़ाम देना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले गुमराह करने वाले संदेशों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें।

क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर प्रशासन की पैनी नज़र रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान अमन-ओ-अमान में खलल डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने कुर्बानी के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी।

वही पुलिस ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान थाना क्षेत्र में लगातार गश्त, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हर नागरिक खुद को महफूज़ महसूस कर सके।

बैठक में मौजूद मौलाना एवं धर्मगुरुओं ने भी लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारा और कानून का सम्मान बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि खेतासराय की सरज़मीं हमेशा से अमन, भाईचारे और मोहब्बत की मिसाल रही है और आगे भी यह परम्परा कायम रहेगी। अंत में अधिकारियों द्वारा सभी उपस्थित लोगों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी आदेशों और दिशा-निर्देशों से तफ्सील के साथ अवगत कराया गया तथा त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सामूहिक सहयोग की अपील की गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments