पुलिस का दावा रेलवे स्टेशन से तीन शातिर महिलाओं को किया गिरफ्तार
खेतासराय (जौनपुर): भीड़भाड़ वाली बसों और सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाकर जेवरात व नकदी उड़ाने वाले महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए जेवरात और नकदी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार कस्बा खेतासराय में सोमवार को बस में सफर कर रहे एक यात्री सुरेश बिन्द के साथ चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना खेतासराय में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गम्भीरता से जाँच शुरू की। पुलिस टीम ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन खेतासराय के पास से गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नेहा (निवासी बक्सर, बिहार), सोहाना देवी (निवासी भोजपुर, बिहार) तथा शोभा (निवासी भोजपुर, बिहार) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपित महिलाओं ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के छह टुकड़े पीली धातु की चूड़ियां, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टप्स, एक अंगूठी तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बसों, ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों की असावधानी का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले कुछ समय से सार्वजनिक वाहनों में चोरी की घटनाओं को लेकर यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।




