9.40 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 22.15 करोड़ रुपये होंगे खर्च
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्रवासियों के लिए बहुप्रतीक्षित खेतासराय-खुटहन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का रविवार की शाम विधिवत शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया।
लोक निर्माण विभाग जौनपुर द्वारा कराए जाने वाले इस कार्य के अंतर्गत खेतासराय-खुटहन को दो लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत 9.40 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर 2215.57 लाख रुपये (लगभग 22.15 करोड़ रुपये) की लागत आएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेहतर सड़कें बनने से आवागमन सुगम होगा, व्यापार एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इस सड़क के निर्माण की माँग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे। सड़क के संकरे और जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से खेतासराय, खुटहन तथा आसपास के दर्जनों गाँवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यात्रा का समय कम होगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिनिधि अजय सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय, मनीष धर्मरक्षक, डॉ. गजेंद्र पाण्डेय, उद्योग व्यापार मण्डल नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा, अनिल प्रजापति (सभासद प्रतिनिधि), सभासद सोनू बिन्द, मुकेश प्रजापति, सोनू गौड़ समेत आदि लोग मौजूद रहे।




