मोहर्रम से लौट रहे एर्टिगा सवारों की पिकअप से आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल
खेतासराय (जौनपुर): राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी–अयोध्या पर क्षेत्र के बादशाही मनेछा स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को एर्टिगा कार और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जौनपुर निवासी सोनू (17), समीर (18) और गाजी (21) एर्टिगा कार से पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के माहुल से मोहर्रम का मातम कार्यक्रम संपन्न कर जौनपुर लौट रहे थे। वहीं पिकअप चालक हरिशंकर यादव (48), पुत्र श्यामराज, वाराणसी के फूलपुर से सोनपापड़ी के डिब्बे लादकर शाहगंज जा रहे थे। बादशाही मनेछा स्थित पेट्रोल पंप के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एर्टिगा कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार तीनों युवकों समेत पिकअप चालक हरिशंकर यादव घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




