खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के चौकियां गुरैनी गाँव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्कूली वैन की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हुए मासूम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही मासूम के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
जानकारी के अनुसार चौकियां गुरैनी निवासी मास्टर आज़म का तीन वर्षीय पुत्र हमदान आज़म बुधवार सुबह अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में एक निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए पहुँची। बताया जाता है कि खेलते-खेलते मासूम अचानक वाहन के सामने आ गया और चालक की नजर उस पर नहीं पड़ सकी। देखते ही देखते वह वैन की चपेट में आ गया, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने वाहन रोका और परिजन तथा ग्रामीण आनन-फानन में घायल बच्चे को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माँ सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गाँव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं कराई और पुलिस को सूचना दिए बिना ही धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार मासूम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक व्याप्त है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है, यदि तहरीर मिलती है तो विधिक कार्यवाई की जाएगी।




