खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शाहगंज ब्लॉक के मवई गांव में बारिश के चलते एक कच्चे मकान की दीवार अचानक धराशाई हो गई। दीवार गिरने से पड़ोसी के घर में रखा हैंडपंप, चारपाई, बर्तन सहित अन्य गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, संयोगवश घटना के समय कोई भी व्यक्ति दीवार के आसपास मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, मवई गांव निवासी नईम के कच्चे मकान की दीवार लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर होकर अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार का मलबा पड़ोस में रहने वाली शबाना के आंगन में जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से शबाना का हैंडपंप, चारपाई, बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस घटना में करीब 15 हजार रुपये मूल्य के घरेलू सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में कई कच्चे मकानों की दीवारों और छतों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में लोगों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रधान प्रतिनिधि रामप्रसाद यादव ने मामले से राजस्व विभाग को अवगत कराया। सूचना के बाद गुरुवार को हल्का लेखपाल ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।







