jaunpur News : जौनपुर। देश और प्रदेश में मौजूदा सरकार द्वारा अपनाई जा रही दमनकारी नीतियाँ यह साबित कर रही हैं कि भारत आज एक अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा है। लोकतंत्र में विरोध, असहमति और सवाल पूछना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन आज उसी अधिकार को कुचलने का काम किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज पुनः लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने से पहले ही NSUI जौनपुर के शहर अध्यक्ष अमन सिन्हा को प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया। यह कार्रवाई न सिर्फ अलोकतांत्रिक है, बल्कि यह सरकार की डर और असहिष्णुता की मानसिकता को भी उजागर करती है। एनएसयूआई यह स्पष्ट करना चाहती है कि सरकार छात्रों, युवाओं और विपक्ष की आवाज़ से भयभीत है। सवालों से भागने के लिए पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह रवैया लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है और संविधान पर सीधा हमला है। एनएसयूआई इस अघोषित आपातकाल की कड़े शब्दों में निंदा करती है और यह चेतावनी देती है कि लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के खिलाफ हमारा संघर्ष और तेज़ होगा। हाउस अरेस्ट, लाठी और दबाव से विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। यदि इस प्रकार की कार्रवाइयाँ बंद नहीं हुईं, तो एनएसयूआई छात्रहित, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच पर संघर्ष करेगी।
जनपद जौनपुर में 23 बाल विवाह रोके गए, 19 मुसहर परिवारों से जुड़े
खेतासराय(जौनपुर): बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध खेतासराय थाने परिसर में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को नगर सहित क्षेत्र के आस-पास संभ्रातजनों के साथ मिलकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही साथ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़ कर सहभागिता की।
कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय ने बताया कि ह्यूमन कमेटी के प्रयासों से हाल ही में जनपद में 23 बाल विवाह रोके गए, जिनमें से 19 विवाह मुसहर परिवारों से संबंधित थे। गौरतलब है कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की शुरुआत वर्ष 1929 में अंग्रेजी शासन के दौरान शारदा एक्ट के रूप में हुई थी। आज़ादी के बाद 1976 में भारत सरकार द्वारा इसमें संशोधन किया गया। इसके बाद वर्ष 2006 में पुनः संशोधन कर बाल विवाह को संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में शामिल किया गया। कानून के अनुसार, इस अपराध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहायता करने वाले सभी व्यक्ति अपराधी माने जाते हैं।
इसी क्रम में थाना बरसठी क्षेत्र में एक बाल विवाह के मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया है, जो कानून के सख्त क्रियान्वयन का संकेत है। उन्होंने आगे कहा कि बच्चे की आयु का निर्धारण हाई स्कूल के अंक प्रमाण पत्र के माध्यम से किया जा सकता है। वहीं, जन्म के 21 दिन बाद बनाया गया जन्म प्रमाण पत्र आयु निर्धारण के लिए मान्य माना जाता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 1098 चाइल्ड लाइन हेल्पलाइन पर बाल विवाह, बाल श्रम एवं खोए हुए बच्चों से संबंधित मामलों में संपर्क किया जा सकता है। चाइल्ड लाइन के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा एवं देख-रेख सुनिश्चित की जाती है।
प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों का मानना है कि जब तक समाज से बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त नहीं किया जाएगा, तब तक विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए शपथ दिलाया गया और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रधान सन्दीप मौर्या, मनीष मौर्या, अंजू बिन्द, मोहित बिन्द, हरेंद्र यादव, बिंदु मौर्या समेत आदि लोग उपस्थित रहे।
बस-ट्रक क्षतिग्रस्त, सवारियां व चालक-खलासी सभी सुरक्षित
खेतासराय (जौनपुर): रविवार देर रात वाराणसी से अयोध्या जा रही सवारी से भरी रोडवेज बस और शाहगंज से जौनपुर की ओर जा रही ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर चौराहा स्थित पुलिस बूथ के पास हुआ। टक्कर में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज अनिल पाठक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने में जुट गए। टक्कर के बाद ट्रक का एक चक्का जाम हो गया, जिससे उसे हटाने में दिक्कत आई। बाद में दूसरी ट्रक की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को आगे बढ़वाया गया, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। थाना प्रदीप सिंह ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री, चालक व खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं। देर रात का समय होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
खेतासराय (जौनपुर): ठंड के मौसम में असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्र के जमदहां गांव में सोमवार को कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग एक हजार असहाय, वृद्ध, महिलाएं व गरीब परिवारों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सोंधी अजय कुमार सिंह व विशिष्ट अतिथि खण्ड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी रहे।
अतिथियों ने स्वयं लाभार्थियों को कंबल वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग जुटे रहे, जिन्हें व्यवस्थित और क्रमबद्ध ढंग से कंबल दिए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने कहा कि ठंड के मौसम में असहाय व गरीब वर्ग को राहत पहुंचाना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न हो।
विशिष्ट अतिथि खण्ड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे। कंबल वितरण जैसी योजनाएं ठंड से बचाव के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करती हैं। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है। कंबल पाकर लाभार्थियों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। बुजुर्गों और महिलाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। इस अवसर पर सचिव संजय यादव, राजेन्द्र कुमार, अशोक यादव, डा. शकील, पंकज शर्मा, हैदर अली, कमाल आज़मी, राम सेवक, कन्हैया लाल, राम कुमार आदि लोग शामिल रहे।
मिर्जा अनवर बेग इण्टर कॉलेज में नवागत जिलाध्यक्ष का भव्य स्वागत
बोर्ड परीक्षा में स्थान पाने वाले छात्रों का होगा सम्मान: अजीत प्रजापति
खेतासराय (जौनपुर) क्षेत्र के मिर्जा अनवर बेग इण्टर कॉलेज उसरहटा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नवागत जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में उन्हें फूल-मालाओं व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्रों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी भय के पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें तथा अपनी सफलता से जिले का नाम रोशन करें। साथ ही अच्छे नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधक मिर्जा अज़फर बेग ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता अतहर खान ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एन.पी. उपाध्याय, प्रशांत श्रीवास्तव, प्रभात पाठक, आमिर सिद्दीकी, विमलेश त्रिपाठी, सैय्यद वासपी, संचय सिंह, अबुसमा और हस्सन अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य नौशाद अहमद ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jaunpur News : ( शाहगंज जौनपुर) ग्राम भागमलपुर निवासी एवं पूर्व ग्राम प्रधान सतई राम प्रजापति का 101 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
स्व. सतई राम प्रजापति का जन्म 1 जनवरी 1925 को हुआ था। वे 1988 से 1995 तक ग्राम प्रधान के पद पर कार्यरत रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्राम विकास एवं सामाजिक समरसता के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। क्षेत्र में उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य को लेकर लोग चर्चा किया करते थे। उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप परिजनों द्वारा गाजे-बाजे के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात पिलकिछा घाट पर पूरे विधि-विधान से उनका दाह संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
लाई, तिलकुट, गट्टा और ढूंढे की दुकानों पर दिनभर लगा रहा ग्राहकों का तांता
खेतासराय(जौनपुर): मकर संक्रांति के पावन पर्व को लेकर खेतासराय समेत आस-पास के छोटी बड़ी बाजारों में जबरदस्त उत्साह और चहल-पहल देखने को मिल रहा है। पर्व के मद्देनज़र कस्बा के मछली मार्किट, गोलाबाजार, खुटहन मार्ग, दीदारगंज मार्ग सहित कस्बे की गलियों में सजी अस्थायी दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर लाई, तिलकुट, गट्टा, गुड़, तिल, मूंगफली और बच्चों के पसंदीदा ढूंढे की खरीदारी के मेला लगा हुआ है।
सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिल रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पारंपरिक तरीके से पर्व की तैयारियों के लिए खरीदारी कर रहे है। तिल-गुड़ से बने व्यंजन, लाई और तिलकुट की दुकानों पर विशेष भीड़ देखने को मिल रही है। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे ढूंढे और खिलौनों की दुकानों ने भी बाजार की शोभा बढ़ा दी।
गोलाबाजार स्थित रामलीला मैदान में दुकान लगाने वाले दुकानदार अनुराग यादव ने बताया कि इस वर्ष मकर संक्रांति पर बिक्री संतोषजनक हो रही है। महंगाई के बावजूद लोगों ने पर्व की परंपरा को निभाने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे है। कई दुकानदारों ने बताया कि मौसम खुल जाने से बाजार के रौनक बढ़ गए है। सुबह से लेकर देर शाम तक ग्राहकों का आना-जाना लगा रहता है। जिससे कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों में धार्मिक आस्था भी स्पष्ट रूप से नजर आई।
पर्व से जुड़े स्नान, दान-पुण्य और तिल-गुड़ के सेवन की परंपरा को निभाने के लिए लोगों ने आवश्यक सामग्री खरीदी। आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भी खेतासराय बाजार में जमकर खरीदारी की, जिससे कस्बे में मेले जैसा माहौल बना रहा। कुल मिलाकर मकर संक्रांति ने खेतासराय बाजार को न सिर्फ सांस्कृतिक रंगों से सराबोर किया, बल्कि स्थानीय व्यापारियों के लिए भी यह पर्व खुशहाली लेकर आया। बाजारों की यह रौनक त्योहार की सामाजिक और आर्थिक महत्ता को दर्शाती नजर आई।
आधी रात को अज्ञात कारणों से खपरैल के घर में लगी आग
गृहस्थी का सारा सामान जलकर हुआ खाक
खेतासराय (जौनपुर) शनिवार की आधी रात क्षेत्र के एक गांव में स्थित एक गरीब परिवार के खपरैल मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, खेतासराय थाना क्षेत्र के पोरई खुर्द गांव स्थित राजभर बस्ती में शनिवार की रात दयाराम राजभर के खपरैल घर में अचानक आग लग गई। रात का समय होने के कारण परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। बताया जाता है कि आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया और घर से उठते धुएं तथा लपटों को देखकर पीड़ित की नींद खुली। जब तक कुछ समझ पाते, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। पीड़ित द्वारा शोर-शराबा मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक सामान जलकर राख हो चुका था। सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर हो गया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी राहत दिलाने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस सम्बंध में लेखपाल राम विलास मौर्या ने कई बार सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फ़ोन नहीं उठा।
International Cybercrime fraudster arrested jaunpur news
प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से फर्जी ऑनलाइन फर्म बनाकर 100 से अधिक लोगो से करोड़ों की ठगी करने वाला शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार
CyberCrime news jaunpur जौनपुर : जलालपुर थाने की पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की है साईबर टीम के कुशल नेतृत्व मे साईबर टीम व कोतवाली पुलिस टीम ने थाना कोतवाली से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त व प्रतिबिम्ब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नं यूजर/अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तार अभियुक्त की बात करे तो आपराधिक कार्यप्रणाली:- अभियुक्त प्रियम श्रीवास्तव उपरोक्त फर्जी तरीके से आनलाईन राजरिता फर्म बनाकर ए-4 साईज पेपर व नोट बुक डिलीवर करने का झांसा देकर आर्डर लेता था तथा उनसे अपने फर्म व घरवालो के अकाउन्ट मे पैसे मंगवा लेता था जब ग्राहक डिलीवरी के लिये सम्पर्क करते तो इनवाइस मेकर ऐप के माध्यम से अपने राजरिता फर्म का फर्जी बिल बनाता था व पिक्सआर्ट एप के माध्यम से आनलाईन डीटी डीसी कुरियर का फर्जी बिल्टी बनाकर उनके व्हाट्एप नं पर भेज देता था लेकिन माल डिलीवर नही करता था ।
इसके बाद इसके द्वारा एक्स पोर्टर इंडिया व इंडिया मार्ट जैसे प्लेटफार्म का इस्तेमाल करके आनलाइन बेबसाइट के माध्यम से ग्राहक खोजता था। ग्राहक खोजकर गेमिंग प्लेटफार्म पर पैसे मांगाकर उसे अपने खातों में जमा करा लेता था ।अभियुक्त के द्वारा प्रयुक्त बैक खाते के अवलोकन से इसके द्वारा वर्ष 2021 से अब तक 01 करोड से ज्यादा फर्जी ट्राजिक्शन है । अभियुक्त द्वारा घटना मे प्रयोग किये गये बैक खाते व मोबाइल नं को साईबर पुलिस पोर्टल पर चेक करने पर अब तक विभिन्न राज्यो से कुल 21 एनसीआरपी कम्पलेन का होना पाया गया । गिरफ्तार अभियुक्त का नाम प्रियम श्रीवास्तव (हनी) पुत्र राजकुमार श्रीवास्तव निवासी कबुलपुर थाना जलालपुर का बताया जा रहा है
JAUNPUR,विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम से गांवों का होगा संतुलित विकास, मंत्री
’विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम –
जौनपुर: ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका को नई मजबूती देगा विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम’’रोजगार गारंटी 100 से बढ़कर 125 दिन, ग्रामीण आय में होगा सीधा इजाफा’’होगी समयबद्ध व पारदर्शी मजदूरी भुगतान’
’ग्राम सभा की सहभागिता से तय होंगी विकास योजनाएं, गांवों का होगा संतुलित विकास मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री ए० के० शर्मा जी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) जी राम जी योजना (गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन) अधिनियम के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया।प्रभारी मंत्री जी ने इस नए अधिनियम को ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण श्रमिकों, किसानों एवं मेहनतकश वर्ग के जीवन में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन आएगा। यह अधिनियम ग्रामीण समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। यह निर्णय ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करने, ग्रामीण क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने तथा स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करने में अत्यंत सहायक होगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार की ग्रामीण समाज के प्रति संवेदनशीलता और मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता बेरोजगारी भत्ता को एक वास्तविक और प्रभावी कानूनी अधिकार बनाना है। पूर्ववर्ती मनरेगा अधिनियम में अनेक शर्तों के कारण बेरोजगारी भत्ता मिल पाना कठिन था, जबकि नए अधिनियम में अनावश्यक प्रतिबंधों को समाप्त कर दिया गया है। अब यदि श्रमिक द्वारा कार्य की मांग के बावजूद समय से रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो बेरोजगारी भत्ता स्वतः देय होगा।उन्होंने यह भी बताया कि मजदूरी भुगतान की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है। यदि किसी कारणवश मजदूरी भुगतान में देरी होती है, तो प्रत्येक विलंबित दिन का मुआवजा मजदूरी के साथ श्रमिक को दिया जाएगा। इससे श्रमिकों के शोषण पर प्रभावी रोक लगेगी और उन्हें उनके श्रम का पूरा लाभ समय पर मिलेगा। कृषि (बुआई और कटाई) के समय में वर्ष में अधिकतम 60 दिवसों हेतु कार्य बन्द रखे जाने का प्रावधान किया गया है, जिससे कृषि कार्य निर्वाध रुप से संचालित हो सके और श्रमिकों की उपलब्धता कम न हो।
उन्होंने कहा कि अधिनियम के अंतर्गत विकास कार्यों की योजना अब ग्राम स्तर पर ही तय की जाएगी। ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम पंचायत द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार की जाएगी, जिसमें ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य होगी। इससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन होगा और गांवों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।
अंत में मा० मंत्री जी ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सामाजिक-आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में देश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव, मा0 सांसद राज्यसभा श्रीमती सीमा द्विवेदी, विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, एमएलसी श्री बृजेश सिंह ’’प्रिन्सू’’, विधायक मड़ियाहॅू डा0 आर0के0 पटेल, जिलाध्यक्ष द्वय श्री अजीत प्रजापति, डा0 अजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह, अजय शंकर दुबे, अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया अन्य अधिकारीगण सहित मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।