खेतासराय (जौनपुर): राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सोंधी खंड स्थित मानीकलां के गुप्ता मैरेज हाल में शनिवार को हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं राष्ट्रनिष्ठ लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। देवेंद्र ने गणगीत तथा श्रेयश ने अमृत वचन प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
मुख्य वक्ता एवं विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख (जौनपुर विभाग) मनोज ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, हिंदवी स्वराज्य की स्थापना और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का संघर्ष केवल सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि सांस्कृतिक स्वाभिमान, राष्ट्र चेतना और समाज संगठन का अभियान था। उनका जीवन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
शाम चार बजे से छह बजे तक चले कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में खण्ड कार्यवाह अखिलेश के नेतृत्व में भास्कर तिवारी, रमेश जायसवाल, संदीप बिंद, राजेश गुप्ता, विक्की अग्रहरि, शुभम विद्यार्थी मोदनवाल, रौनक चौरसिया, आर्यन चौरसिया एवं धीरज चौरसिया ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर सुधीरानंद, प्यारेलाल मोदनवाल, संतोष अस्थाना, प्रेमचंद्र यादव, अशोक मौर्य, काशीनाथ, ओमप्रकाश मिश्र, कृष्ण मुरारी, आदेश कश्यप, अरविंद राजभर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक बेनवंशी ने की। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।



